Kala Jamun Recipe
Kala Jamun Recipe
त्योहारों और खास मौकों पर मिठाई का महत्व हर भारतीय घर में होता है. काजू कतली से लेकर हलवा और रसगुल्लों से लेकर बर्फी तक, न जानें क्या-क्या मीठे पकवान होते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको काला जामुन बनाने की परफेक्ट रेसिपी और टिप्स बताएंगे. यह मिठाई न केवल टेस्टी है, बल्कि इसे बनाना भी बेहद आसान है.
चाशनी की तैयारी
काला जामुन बनाने की शुरुआत चाशनी से होती है. बिना चाशनी इसे नहीं बनाया जा सकता. चाशनी के लिए पानी और चीनी का सही अनुपात बेहद जरूरी है. चीनी को पानी में डालकर हल्का नींबू का रस मिलाएं ताकि क्रिस्टल्स न बनें. इसके बाद इसमें इलायची और गुलाब जल डालकर इसे उबालें. चाशनी को दो हिस्सों में बांटें. एक पतली और दूसरी गाढ़ी. पतली चाशनी मिठाई को अंदर तक नरम बनाएगी, जबकि गाढ़ी चाशनी मिठाई को लंबे समय तक बचाए रखेगी.
खोया और पनीर का मिक्सचर
काला जामुन का मुख्य आधार खोया और पनीर है. खोया को हल्के हाथों से मसलें ताकि उसमें कोई दाना न रहे. पनीर को भी इसी तरह मसलें, लेकिन ध्यान रखें कि इसे ज्यादा न मसलें ताकि चिकनाहट बाहर न आए. दोनों को मिलाकर इसमें पिसी चीनी, बेकिंग पाउडर और मैदा डालें. यह मिश्रण मिठाई को सही टेक्सचर और मिठास देता है.
कैसे तैयार होगा काला जामुन
मिक्सचर को अच्छे से मिलाकर डो तैयार करें. इसे छोटे-छोटे पेड़ों में बांटें और गोल आकार दें. ध्यान रखें कि पेड़ों में कोई क्रैक न हो. क्रैक होने की स्थिति में मिठाई तलने के दौरान फट जाएगी.
काला जामुन को मीडियम हॉट तेल में तलें. तेल को लगातार चलाते रहें ताकि मिठाई हर तरफ से समान रूप से पक सके. तलने के दौरान मिठाई का रंग धीरे-धीरे गाढ़ा होता जाएगा. यह प्रक्रिया मिठाई को उसका परफेक्ट काला रंग देती है. जिसपर उसका नाम रखा गया है.
चाशनी में भिगोना
तली हुई मिठाई को पहले पतली चाशनी में भिगोएं. इसे करीब एक घंटे तक चाशनी में रखें ताकि मिठाई अंदर तक सिरप को सोख सके. इसके बाद इसे गाढ़ी चाशनी में डालें. गाढ़ी चाशनी मिठाई को लंबे समय तक सेफ रखेगी.
परफेक्ट काला जामुन तैयार
काला जामुन तैयार होने के बाद इसे प्लेट करें. मिठाई को काटकर देखें तो अंदर से यह जूसी और बाहर से सख्त होनी चाहिए. खोया और पनीर का कॉम्बिनेशन इसे परफेक्ट मिठाई बनाता है.