How to Make Puri dahi bhalla in Water
How to Make Puri dahi bhalla in Water
दही भल्ले का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है, खासकर गर्मी के सीजन में दही भल्ले खाने का मजा ही कुछ और होता है. हालांकि, सेहत को लेकर जागरूक लोग इसे खाने से बचते हैं, क्योंकि पारंपरिक रूप से भल्लों को तेल में डीप फ्राई किया जाता है. ऐसे में अगर आपको तेल में फ्राई किए गए दही भल्ला पसंद नहीं है तो हम आपको बिना तेल के दही भल्ला बनाने की रेसिपी बता रहे हैं. इसमें एक बूंद भी तेल का इस्तेमाल नहीं होगा. क्योंकि, आप इन्हें सिर्फ भाप में पकाकर तैयार कर सकते हैं. खास बात है कि ये दही भल्ले एकदम रुई की तरह सॉफ्ट और स्पॉंजी बनेंगे. जिसने भी इन दही भल्लों को एकबार खा लिया, वो मांग-मांग कर खाएगा.
बिना तेल के दही भल्ले
दरअसल, बिना तेल के दही भल्लों में वड़ों को तलने के बजाय भाप में पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद तो बरकरार रहता ही है, साथ ही यह कैलोरी में बहुत कम और पचाने में बेहद हल्के हो जाते हैं. इस दही भल्ले का स्वाद इतना लाजवाब आएगा कि खाने वाले पता भी नहीं लगा पाएंगे कि आपने इन्हें फ्राई करके नहीं बनाया है.
बिना तेल के दही भल्ले बनाने की विधि
सबसे पहले बिना छिलका वाली आधा कप उड़द दाल और आधा कप मूंग दाल को 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. अब मिक्सी में डालकर दाल को एकदम बारीक पेस्ट जैसा पीसकर तैयार कर लें. ध्यान रखें कि दाल को पीसते वक्त पानी कम से कम मिलाएं, जिससे दाल को फेटना आसान हो जाएगा.
ऐसे फेटें दाल
दाल फेंटने के लिए पिसी हुई दाल को एक ही डायरेक्शन में 5-7 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. इस प्रोसेस से भल्ले एकदम स्पंजी और नरम बनेंगे.
सही मात्रा में मसाले डालना जरूरी
दाल में नमक, जीरा, कुटी अदरक और बारीक कुटा लहसुन डाल दें. फ्लेवर के लिए थोड़ी काली मिर्च मिला दें और अब सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें.
इनो से बनेंगे फूले-फूले भल्ले
फेटी हुई दाल में आधा चम्मच ईनो और आधा चम्मच पानी डालकर मिक्स कर लें. इससे एकदम फ्लफी भल्ले बनेंगे.
इडली के सांचे में करें स्टीम
अब फेटी हुई दाल को इडली के सांचे में डालते जाएं और इडली की तरह ही स्टीम कर लें. मध्यम आंच पर 10 से 12 मिनट तक स्टीम होने दें। भाप में पकने के कारण ये बहुत ही हेल्दी और पचने लायक हो जाते हैं.
एक कटोरे में पानी गर्म पानी डालें और उसमें काला नमक और हींग डाल दें. इडली मेकर से सारे भल्ले निकालकर पानी में डाल दें. अब इन्हें गाढ़ी दही, हरी चटनी और मीठी चटनी डालकर सर्व करें. ऊपर से भुना जीरा, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर डालकर गार्निश कर दें.
ये भी पढ़ें: