Snake Safety Tips in Monsoon
Snake Safety Tips in Monsoon
बरसात शुरू होते ही सबसे बड़ा खतरा घर में जहरीले से जहरीले सांप के घुसने का होता है. दरअसल बरसात के कारण बिल और खेतों में पानी जाते ही सांप निकलना शुरू हो जाते हैं और दूसरे सुरक्षित ठिकानों की तलाश में घरों की ओर रुख करने लगते हैं. अगर ऐसा होता है तो, सांप से बचने के लिए थोड़ी सी सावधानी आपके परिवार को बड़ी परेशानी से बचा सकती है. अगर आप भी मानसून में अपने घर को सांपों से सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो ये आसान उपाय जरूर अपनाएं.
घर के आसपास घास और झाड़ियां न बढ़ने दें
सांप अकसर ऐसी जगहों पर छिपना पसंद करते हैं जहां घनी घास, झाड़ियां या कचरा जमा हो. इसलिए बरसात शुरू होते ही घर के आसपास की घास समय समय पर कटवाते रहें. अगर आंगन या बगीचे में झाड़ियां हैं तो उन्हें भी साफ रखें, ताकि सांपों को छिपने की जगह न मिले. कई बार छीपे होने के कारण इनके काटने का खतरा भी बढ़ जाता है.
दरवाजों और दीवारों की दरारें तुरंत बंद करें
अगर आपका घर गांव या शहर से थोड़ा दूर है, तो बरसात में सांप का खतरा आपके लिए बढ़ सकता है. ज्यादातर सांप दरार से घर में घुसते हैं. घर की दीवारों, फर्श या दरवाजों के नीचे कहीं भी गैप या दरार है, तो उसे जल्द से जल्द भरवा दें. कई बार सांप इन्हीं छोटी छोटी जगहों से घर के अंदर पहुंच जाते हैं. खासकर बारिश के मौसम में ऐसी जगहों की जांच जरूर करें.
कचरा और कबाड़ जमा न होने दें
घर के आसपास लकड़ी, ईंट, पुराने टायर, टूटे फर्नीचर या बेकार सामान का ढेर लगा हो तो उसे हटा दें. इस तरह की जगहें सांपों के छिपने के लिए सुरक्षित मानी जाती हैं. साफ सफाई रखने से सांपों के आने की संभावना काफी कम हो जाती है.
चूहों पर रखें नियंत्रण
जहां चूहे होते हैं, वहां सांपों के आने का खतरा भी बढ़ जाता है, क्योंकि चूहे उनका भोजन होते हैं. इसलिए घर में चूहों की संख्या बढ़ने न दें. रसोई और स्टोर रूम को साफ रखें और खाने पीने की चीजों को खुले में न छोड़ें.
सांप दिखे तो खुद पकड़ने की गलती न करें
अगर घर में या आसपास सांप दिखाई दे, तो घबराने या उसे मारने की कोशिश न करें. उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत स्थानीय वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें. बिना जानकारी के सांप को पकड़ने की कोशिश करना खतरनाक साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें