Lover Stabs Girl Father
Lover Stabs Girl Father
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के कुदुदंड माता चौक स्थित एसबीटी कॉलेज के सामने एकतरफा प्रेम प्रसंग ने खौफनाक मोड़ ले लिया. शादी की जिद में पागल हुए युवक ने युवती के पिता पर दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
शादी से इनकार पर भड़का आरोपी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी साहिल मरावी लंबे समय से एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करने का दबाव बना रहा था. जब युवती और उसके परिवार ने रिश्ता स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी गुस्से में बेकाबू हो गया.
गाड़ी ठीक कर रहे पिता पर हमला
पीड़ित मोहीदास माणिकपुरी सोमवार को अपनी गाड़ी की मरम्मत करा रहे थे. इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
CCTV फुटेज से खुला मामला
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पैर में चोट आई है. फिलहाल उसका इलाज जारी है, जिसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी.
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी सबूतों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष शरण
ये भी पढ़ें