scorecardresearch

Matar Ke Chilko Ki Sabzi: फाइबर से होते हैं भरपूर, विटामिन से लेकर खनिज का खजाना.. जानें कैसे बनाएं छिलकों की सब्ज़ी

आयुर्वेद के अनुसार मटर के हरे छिलके पाचन को बेहतर बनाने और शरीर को पोषण देने में सहायक होते हैं. इनमें नेचुरल फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराती है.

Green Pea Peels Recipe Green Pea Peels Recipe

इन दिनों बाजार में ताजी हरी मटर की खूब काफी देखने को मिल रही है. हरी मटर से तरह-तरह की स्वादिष्ट डिश बनाई जाती हैं, लेकिन अक्सर मटर छीलने के बाद उसके हरे छिलकों को बेकार समझकर कूड़े में फेंक दिया जाता है. बहुत कम लोग जानते हैं कि मटर के ये छिलके भी सेहत और स्वाद, दोनों के लिहाज से बेहद फायदेमंद होते हैं.

आयुर्वेद के अनुसार मटर के हरे छिलके पाचन को बेहतर बनाने और शरीर को पोषण देने में सहायक होते हैं. इनमें नेचुरल फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराती है. यही वजह है कि मटर के छिलकों से बनी डिश खाने के बाद बार-बार भूख नहीं लगती.

पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं मटर के छिलके
मटर के छिलकों में सिर्फ फाइबर ही नहीं, बल्कि पोटैशियम, कैल्शियम, कॉपर, विटामिन C और विटामिन K जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं. ये तत्व पाचन तंत्र को मजबूत बनाने, इम्यूनिटी बढ़ाने और शरीर को अंदर से स्वस्थ रखने में मदद करते हैं.

मटर के छिलकों से बन सकती हैं स्वादिष्ट डिश
अक्सर लोग मटर पनीर, आलू मटर या मटर पराठा बनाते हैं, लेकिन मटर के छिलकों से भी कई टेस्टी चीजें तैयार की जा सकती हैं. खास बात यह है कि ये डिश स्वाद में भी अच्छी लगती हैं और सेहत के लिए भी फायदेमंद होती हैं.

अगर आपने अब तक मटर के छिलके की सब्जी नहीं बनाई है, तो इसे जरूर ट्राई करें. सही मसालों के साथ पकाई गई यह सब्जी रोटी या पराठे के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. यह पारंपरिक सब्जियों से अलग होने के बावजूद खाने में हल्की और पौष्टिक होती है.

मटर के छिलके की सब्जी
मटर के छिलके की सब्जी बनाने के लिए हरी मटर के लगभग 25–30 छिलके, छिले हुए आलू, तेल, जीरा, कटा हुआ प्याज, नमक, हल्दी पाउडर, अदरक-लहसुन का पेस्ट, टमाटर की प्यूरी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला पाउडर की जरूरत होती है. सबसे पहले मटर के छिलकों को अलग निकालकर अच्छी तरह पानी से धो लें. इसके बाद आलू को लंबा-लंबा काटकर साफ कर लें. अब एक कढ़ाई या नॉन-स्टिक पैन में तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर जीरा डालें और फिर कटा हुआ प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें.

अब इसमें आलू, नमक और हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और सब्जी को तब तक पकाएं, जब तक आलू हल्के नरम न हो जाएं. फिर टमाटर की प्यूरी डालें और करीब तीन मिनट तक पकने दें. जब टमाटर अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें मटर के छिलके डालें. अब धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला डालकर सब्जी को अच्छे से मिलाएं. थोड़ी देर पकाने के बाद ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें. आपकी मटर के छिलके की स्वादिष्ट और पौष्टिक सब्जी तैयार है.