scorecardresearch

Steamed Upma Ball Recipe: बिना तेल के तैयार करें उपमा बॉल्स, खाने में बिलकुल हल्की और टेस्टी.. जानें पूरी रेसिपी

सूजी से बनने वाली ये नरम और स्वादिष्ट बॉल्स कम तेल में तैयार होती हैं, जिससे ये सेहत के लिए भी फायदेमंद रहती हैं.

Upma Ball Recipe Upma Ball Recipe

अगर आप रोज़ाना एक ही तरह का नाश्ता जैसे पोहा या उपमा खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, हल्का और हेल्दी विकल्प तलाश रहे हैं, तो मिनी स्टीम उपमा बॉल्स आपके लिए एक शानदार चॉइस हो सकती हैं. सूजी से बनने वाली ये नरम और स्वादिष्ट बॉल्स कम तेल में तैयार होती हैं, जिससे ये सेहत के लिए भी फायदेमंद रहती हैं. खास बात यह है कि ये जल्दी बन जाती हैं और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती हैं. आप इन्हें सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम के हल्के स्नैक के तौर पर आसानी से सर्व कर सकते हैं.

उपमा बॉल्स बनाने के लिए इंग्रीडिएंट्स
इस स्वादिष्ट डिश को बनाने के लिए आपको 1 कप सूजी (रवा), आधा कप दही और जरूरत के अनुसार पानी की आवश्यकता होगी. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए 2 बड़े चम्मच कद्दूकस की हुई गाजर, 2 बड़े चम्मच बारीक कटी शिमला मिर्च और 2 बड़े चम्मच उबली हुई मटर. साथ ही 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक. 

तड़के के लिए आधा छोटा चम्मच राई, 6–8 करी पत्ते और 1 छोटा चम्मच तेल. साथ में बैटर को फुलाने के लिए आधा छोटा चम्मच ईनो या फ्रूट साल्ट.

उपमा बॉल्स बनाने का तरीका
सबसे पहले एक बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छे से मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें. इस बैटर को करीब 5 से 7 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए. अब एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई, करी पत्ता, अदरक और हरी मिर्च डालकर तड़का लगाएं. इसके बाद इसमें गाजर, मटर और शिमला मिर्च डालकर हल्का सा भून लें. तैयार तड़के को सूजी के बैटर में मिलाएं और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.

अब स्टीमर या इडली कुकर को पहले से गरम कर लें. बैटर में आखिर में ईनो डालकर हल्का सा फेंटें, जिससे बॉल्स मुलायम बनें. इसके बाद हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे बॉल्स बनाकर ग्रीस की हुई प्लेट या इडली मोल्ड में रखें. इन्हें लगभग 10 से 12 मिनट तक स्टीम करें. स्टीम होने के बाद ऊपर से राई और करी पत्ते का हल्का तड़का लगाकर थोड़ा सांभर मसाला छिड़क दें.

आखिर में गरमागरम तैयार मिनी स्टीम उपमा बॉल्स को नारियल चटनी या हरी चटनी के साथ सर्व करें और एक हेल्दी, टेस्टी नाश्ते का आनंद लें.