Delhi Shopping Destination
Delhi Shopping Destination
दिल्ली सिर्फ ऐतिहासिक इमारतों और स्ट्रीट फूड के लिए ही नहीं, बल्कि अपने बाजारों के लिए भी जानी जाती है. यहां हर बजट के लोगों के लिए खरीदारी के अनगिनत बाज़ार मौजूद हैं. चाहे आपको फैशनेबल कपड़े खरीदने हों, ट्रेंडी एक्सेसरीज लेनी हों या घर की सजावट का सामान, दिल्ली के बाजार आपको बेहद कम दामों में शानदार विकल्प उपलब्ध कराते हैं. खास बात यह है कि कई जगहों पर आप 100 से 500 रुपए के बजट में भी बेहतरीन खरीदारी कर सकते हैं.
पुरानी दिल्ली के दिल में बसा चांदनी चौक देश के सबसे पुराने और बिजी बाजारों में गिना जाता है. यहां आपको कपड़े, ज्वैलरी, फुटवियर, बैग और शादी-ब्याह से जुड़ा लगभग हर सामान सही कीमत पर मिल जाएगा. कई दुकानों में कपड़ों की शुरुआत 200 से 300 रुपए से हो जाती है. खरीदारी के साथ-साथ यहां के मशहूर स्ट्रीट फूड का स्वाद भी लोगों को खूब पसंद आता है. यही वजह है कि हर दिन हजारों लोग इस बाजार का रुख करते हैं.
अगर आप ट्रेंडी फैशन और लेटेस्ट डिजाइन के कपड़ों की तलाश में हैं, तो लाजपत नगर आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह बाजार खासकर महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां कुर्ती, सूट, ज्वैलरी और फैशन एक्सेसरीज 150 रुपए से लेकर 1,000 रुपए तक की रेंज में आसानी से मिल जाती हैं. त्योहारों और शादी के सीजन में यहां खरीदारी करने वालों की संख्या काफी बढ़ जाती है.
दिल्ली का नाम आते ही सरोजिनी नगर मार्केट का जिक्र जरूर होता है. यह बाजार युवाओं के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय है. यहां आपको ब्रांडेड और एक्सपोर्ट सरप्लस कपड़े बेहद कम कीमतों पर मिल जाते हैं. कई बार 100 से 300 रुपए में भी स्टाइलिश टॉप, शर्ट और जींस मिल जाती हैं. फैशन के शौकीनों के लिए यह बाजार किसी खजाने से कम नहीं है.
कनॉट प्लेस के पास स्थित जनपथ मार्केट फैशन प्रेमियों की पसंदीदा जगहों में शामिल है. यहां हैंडबैग, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, कपड़े और सजावटी सामान बेहद आकर्षक कीमतों पर उपलब्ध होते हैं. मोलभाव करने की कला जानते हैं तो आप यहां 30 से 40 प्रतिशत तक की बचत भी कर सकते हैं.
सदर बाजार को दिल्ली का सबसे बड़ा थोक बाजार माना जाता है. यहां खिलौनों, घरेलू सामान, कॉस्मेटिक्स, स्टेशनरी और गिफ्ट आइटम्स की हजारों दुकानें मौजूद हैं. यदि आप बड़ी मात्रा में खरीदारी करना चाहते हैं, तो यहां बाजार कीमतों से 20 से 50 प्रतिशत तक सस्ता सामान मिल सकता है.