Ai Generated Image
Ai Generated Image
नेल पॉलिश लगाते समय कई बार हल्की सी चूक और बोतल गिरने से रंग सीधे फर्श पर फैल जाता है. टाइल्स, मार्बल या अन्य चिकनी सतहों पर नेल पॉलिश के दाग जल्दी साफ नहीं होते और सूख जाने के बाद तो ये और भी जिद्दी हो जाते हैं. आमतौर पर लोग ऐसे दाग हटाने के लिए नेल पॉलिश रिमूवर, एसीटोन या अन्य केमिकल क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं.
ये तरीके दाग तो हटा देते हैं, लेकिन कई बार फर्श की चमक को नुकसान पहुंचा सकते हैं. ऐसे में एक बेहद आसान घरेलू उपाय आपकी मदद कर सकता है. यह उपाय है घर में पाया जाने वाला साधारण नमक. नमक को एक नेचुरल स्क्रबर माना जाता है. इसकी दानेदार बनावट और सोखने की पावर इसे छोटे-मोटे दाग हटाने के लिए बेहद उपयोगी बनाती है.
नेल पॉलिश गिरते ही क्या करें
अगर नेल पॉलिश अभी-अभी फर्श पर गिरी है, तो तुरंत थोड़ा सा नमक उस जगह पर डाल दें. नमक नेल पॉलिश को फैलने से रोकता है और उसे अपने अंदर सोखने लगता है. यह शुरुआती कदम बहुत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इससे दाग गहरा होने से बच जाता है.
नमक डालने के बाद किसी चाकू, स्क्रेपर या किसी सपाट चीज की मदद से बहुत हल्के हाथ से उस हिस्से को रगड़ें. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर न लगाएं, क्योंकि इससे टाइल्स या मार्बल पर खरोंच आ सकती है. जब नमक और नेल पॉलिश आपस में चिपकने लगें, तो उसे पेपर या टिशू की मदद से धीरे-धीरे उठा लें. इससे फर्श पर मौजूद ज्यादातर नेल पॉलिश हट जाएगी.
हल्का दाग रह जाए तो क्या करें
कई बार सफाई के बाद भी थोड़ा सा रंग फर्श पर रह सकता है. ऐसी स्थिति में फिर से थोड़ा नमक डालें और उंगली या मुलायम कपड़े से हल्के हाथ से रगड़ें. जरूरत हो तो कुछ बूंद पानी भी डाल सकते हैं, जिससे नमक आसानी से रगड़ सके. इसके बाद एक साफ गीले कपड़े से उस जगह को अच्छी तरह पोंछ लें. कुछ ही मिनटों में फर्श फिर से साफ और चमकदार दिखाई देने लगेगा.