scorecardresearch

Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन का है पौराणिक और धार्मिक महत्व, राखी बांधने के पूर्व भगवान को करें अर्पित, जानें किस कामना की पूर्ति के लिए भाई को कैसा रक्षासूत्र बांधें और बहन को कौन सा उपहार दें?

रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा. रक्षाबंधन के दिन बहनें भाई की कलाई पर प्रेम और स्नेह का रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. वहीं भाई भी बहन की हमेशा रक्षा करने का वचन देते हैं. 

Advertisement
Raksha Bandhan 2026 Raksha Bandhan 2026

रक्षा करने और करवाने के लिए बांधा जाने वाला पवित्र धागा रक्षाबंधन कहलाता है. रक्षाबंधन का पवित्र पर्व श्रावण शुक्ल पूर्णिमा को मनाया जाता है. इस दिन बहनें अपने भाई की रक्षा के लिए उनके कलाई पर रक्षासूत्र बांधती हैं  और भाई अपनी बहन को जीवन भर रक्षा करने का वचन देते हैं. राजसूय यज्ञ के समय भगवान कृष्ण को द्रौपदी ने रक्षासूत्र के रूप में अपने आंचल का टुकडा बांधा था. इसी के बाद से बहनों द्वारा भाई को राखी बांधने की परंपरा शुरू हो गई.  

ब्राहमणों द्वारा अपने यजमानों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी मंगलकामना की जाती है. इस दिन वेदपाठी ब्राह्मण यजुर्वेद का पाठ आरम्भ करते हैं इसलिए इस दिन शिक्षा का आरम्भ करना अच्छा माना जाता है. इस साल भाई और बहन का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन 28 अगस्त दिन शुक्रवार को है. इस बार रक्षाबंधन के दिन चंद्रग्रहण भी लग रहा है लेकिन यह ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा. ऐसे में रक्षाबंधन के पर्व का ग्रहण से कोई सम्बन्ध नहीं है. रक्षाबंधन पर भद्रा महत्वपूर्ण होती है, जो कि 28 अगस्त को प्रातः ही समाप्त हो जाएगी. ऐसे में इस बार पूरे दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा सकता है 

कैसे मनाएं रक्षाबंधन का त्योहार? 
थाल में रोली,चन्दन,अक्षत,दही,रक्षासूत्र,और मिठाई रखें. घी का एक दीपक भी रखें, जिससे भाई की आरती करें. रक्षा सूत्र और पूजा की थाल सबसे पहले भगवान को समर्पित करें. इसके बाद भाई को पूर्व या उत्तर की तरफ मुंह करवाकर बैठाएं. पहले भाई को तिलक लगाएं ,फिर रक्षासूत्र बांधें. इसके बाद आरती करें. फिर मिठाई खिलाकर भाई की मंगल कामना करें. रक्षा बंधवाने के बाद माता-पिता और गुरु का आशीर्वाद लें. तत्पश्चात बहन को सामर्थ्य के अनुसार उपहार दें. उपहार में ऐसी वस्तुएं दें जो दोनों के लिए मंगलकारी हों. काले वस्त्र तथा तीखा या नमकीन खाद्य न दें. 

किस कामना की पूर्ति के लिए भाई को कैसा रक्षासूत्र बांधें?
भाई की अच्छी शिक्षा और एकाग्रता के लिए नारंगी रंग का रक्षासूत्र बांधें. भाई के शीघ्र विवाह के लिए ऐसा रक्षासूत्र बांधें जिसमें सफेद रंग के नग लगे हों. भाई के विवाह सम्बन्धी समस्याओं को दूर करने के लिए पीले रंग का रक्षासूत्र बांधें. भाई के रोजगार और आर्थिक लाभ के लिए नीले रंग का रक्षासूत्र बांधें. भाई की नकारात्मक ऊर्जा और दुर्घटना से रक्षा के लिए लाल रंग का रक्षासूत्र बांधें. भाई की हर प्रकार से रक्षा के लिए लाल-पीले-सफेद रंग का मिश्रित रक्षासूत्र बांधें. 

किस मनोकामना के लिए बहन को कैसा उपहार दें? 
बहन के करियर और नौकरी के लिए अच्छी कलम, पुस्तकें और लैम्प उपहार में दें. बहन के शीघ्र विवाह के लिए सुगंध और पीले वस्त्र उपहार में दें. बहन के सुखद वैवाहिक जीवन के लिए चांदी के आभूषण और चप्पल-जूते उपहार में दें. बहन के संतान सम्बन्धी समस्याओं के निदान के लिए बाल कृष्ण की मूर्ति और संगीत का सामान दें. बहन की आर्थिक सम्पन्नता के लिए लाल वस्त्र, मिठाई और चावल उपहार में दें.