scorecardresearch

अब 'शुगर' से होगा गंजेपन का इलाज... बाल्डनेस का शिकार हो चुके लोगों के भी उगेंगे लंबे और घने बाल

एक नई रिसर्च में वैज्ञानिकों को एक चौंकाने वाली बात पता चली है. 2024 में Frontiers in Pharmacology जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, शरीर में पाया जाने वाला एक खास प्रकार का शुगर (डिऑक्सीराइबोज) बालों की ग्रोथ में मदद कर सकता है.

Baldness Treatment Baldness Treatment

बाल झड़ना आज के समय में एक आम समस्या बन चुकी है. दुनिया की लगभग 40 प्रतिशत आबादी किसी न किसी रूप में हेरेडिटरी पैटर्न बाल्डनेस यानी आनुवंशिक गंजेपन से प्रभावित होती है. यह समस्या सिर्फ पुरुषों में नहीं है, बल्कि महिलाओं में भी पाई जाती है, खासकर मेनोपॉज के बाद. आम तौर पर हर व्यक्ति रोजाना करीब 100 बाल खो देता है, लेकिन इस समस्या से जूझ रहे लोगों में बालों का झड़ना इससे कहीं ज्यादा होता है और समय के साथ सिर के कुछ हिस्सों में गंजापन भी दिखने लगता है.

बाल्डनेस को लेकर पुरानी सोच गलत साबित
अब तक यह माना जाता था कि गंजेपन का संबंध केवल मां की तरफ से मिलने वाले जीन से होता है, लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार यह पूरी तरह सही नहीं है. यह समस्या मां और पिता दोनों से मिलने वाले जेनेटिक फैक्टर्स पर निर्भर करती है.

शुगर से बाल उगाने की नई खोज
एक नई रिसर्च में वैज्ञानिकों को एक चौंकाने वाली बात पता चली है. 2024 में Frontiers in Pharmacology जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, शरीर में पाया जाने वाला एक खास प्रकार का शुगर (डिऑक्सीराइबोज) बालों की ग्रोथ में मदद कर सकता है.

यह वही शुगर है जो हमारे शरीर में प्राकृतिक रूप से बनती है और DNA की संरचना और रिप्लिकेशन में अहम भूमिका निभाती है. यह DNA के बैकबोन का हिस्सा होती है और कोशिकाओं के निर्माण में मदद करती है.

रिसर्च कैसे सामने आई?
यह अध्ययन शुरुआत में बालों के लिए नहीं किया गया था. वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि क्या यह शुगर घाव भरने में मदद कर सकती है. प्रयोग के दौरान उन्होंने देखा कि जिन चूहों पर यह शुगर इस्तेमाल की गई थी, उनके घाव के आसपास बाल तेजी से उगने लगे. इसके बाद शोधकर्ताओं ने और परीक्षण किए. उन्होंने चूहों में टेस्टोस्टेरोन आधारित बाल झड़ने की स्थिति बनाई, जो पुरुषों में होने वाले गंजेपन जैसा होता है. वहां भी पाया गया कि यह शुगर छोटे-छोटे डोज में देने पर नई खून की नलियां बनने में मदद करती है, जिससे बालों की ग्रोथ बढ़ती है.

मौजूदा इलाज जितना असरदार
शुरुआती परिणामों के अनुसार, यह शुगर मिनॉक्सिडिल (Minoxidil) जितना असरदार हो सकता है, जो हेयर लॉस का सबसे आम ट्रीटमेंट है.

सस्ती और आसान तकनीक की उम्मीद
शोधकर्ताओं का कहना है कि यह शुगर बहुत सस्ती, प्राकृतिक और स्थिर है. इसे अलग-अलग तरीकों से दिया जा सकता है, जिससे यह भविष्य में एक आसान इलाज बन सकती है. हालांकि वैज्ञानिकों ने साफ किया है कि यह अभी शुरुआती स्टेज की रिसर्च है.