Highest Run Scorer and the Top Wicket Taker in the India-Sri Lanka Test series (Photo: Social Media)
Highest Run Scorer and the Top Wicket Taker in the India-Sri Lanka Test series (Photo: Social Media)
Ind vs Sl Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का शुभारंभ 15 अगस्त 2026 से होने जा रहा है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इस सीरीज को खेलने के लिए श्रीलंका पहुंच गई है. इस टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा.
भारत का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में शानदार रिकॉर्ड रहा है. भारतीय टीम श्रीलंका से पिछले 11 सालों से एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है. शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम एक बार फिर श्रीलंका को हराकर टेस्ट सीरीज अपने नाम करना चाहेगी. इस टेस्ट सीरीज को शुरू होने से पहले हम आपको बता रहे हैं कि टेस्ट मैचों में दोनों देशों में सबसे अधिक रन और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले कौन-कौन टॉप बल्लेबाज और गेंदबाज हैं. क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर आज भी सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में पहले स्थान पर हैं. गेंदबाजी में मुथैया मुरलीधरन शीर्ष पर हैं.
सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
1. सचिन तेंदुलकर
भारत ही नहीं दुनिया के महान बल्लेबाज और क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे अधिक रन बनाए हैं. सचिन तेंदुलकर ने इस देश के खिलाफ 36 पारियों में 60 की औसत से कुल 1995 रन बनाए हैं. इसमें सचिन के 9 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं. सचिन तेंदुलकर ने श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक भी जड़ा है.
2. महेला जयवर्धने
भारत और श्रीलंका में खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर श्रीलंका के बल्लेबाज महेला जयवर्धने हैं. महेला जयवर्धने ने भारत के खिलाफ 28 पारियों में 55 की औसत से कुल 1822 रन बनाए हैं. इसमें उनके 6 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ महेला जयवर्धने का सर्वोच्च स्कोर 275 रन रहा है.
3. राहुल द्रविड़
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ हैं. राहुल द्रविड़ ने श्रीलंका के खिलाफ 32 पारियों में 46.47 की औसत से कुल 1508 रन बनाए हैं. इसमें उनके 3 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं. राहुल द्रविड़ का श्रीलंका के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 177 रन है.
4. कुमार संगकारा
भारत और श्रीलंका में खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में चौथे स्थान पर कुमार संगकारा है. उन्होंने भारत के खिलाफ 28 पारियों में 51 की औसत से कुल 1352 रन बनाए हैं. संगकारा के नाम भारत के खिलाफ 5 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं. टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ कुमार संगकारा का सर्वोच्च स्कोर 219 रन है.
5. अरविंद डी सिल्वा
भारत और श्रीलंका में खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में पांचवें स्थान पर श्रीलंका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज अरविंद डी सिल्वा है. अरविंद डी सिल्वा ने भारत के खिलाफ 32 पारियों में 48 की औसत से कुल 1252 रन बनाए हैं. इसमें 5 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. अरविंद डी सिल्वा का भारत के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 148 रन है.
सबसे अधिक विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
1. मुथैया मुरलीधरन
भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में पहले स्थान पर स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन हैं. मुथैया मुरलीधरन ने भारत के खिलाफ 22 टेस्ट मैचों में कुल 105 विकेट अपने नाम किए हैं. मुरलीधरन ने इस दौरान 7 बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं.
2. अनिल कुंबले
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में दूसरे स्थान पर दुनिया के महान लेग स्पिनर अनिल कुंबले हैं. अनिल कुंबले ने श्रीलंका के खिलाफ 18 टेस्ट मैचों में 74 विकेट अपने नाम किए हैं. कुंबले ने इस दौरान 4 बार एक पारी में 5 विकेट लिए हैं. श्रीलंका के खिलाफ कुंबले का गेंदबाजी औसत 31.20 रहा है.
3. आर अश्विन
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में तीसरे स्थान पर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन हैं. आर अश्विन ने श्रीलंका के खिलाफ 11 टेस्ट मैचों में 62 विकेट अपने नाम किए हैं. अश्विन ने 3 बार एक पारी में 5 विकेट लिए हैं. आर अश्विन का श्रीलंका के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 46 रन देकर 6 विकेट है.
4. हरभजन सिंह
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में चौथे स्थान पर पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह हैं. हरभजन सिंह ने श्रीलंका के खिलाफ 16 टेस्ट मैचों में 53 विकेट लिए हैं. हरभजन का इस देश के खिलाफ गेंदबाजी औसत 39.77 रहा है. हरभजन ने 2 बार एक पारी में 5 विकेट लिए हैं. श्रीलंका के खिलाफ हरभजन सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 62 रन देकर 7 विकेट है.
5. कपिल देव
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में पांचवें स्थान पर भारत के महान कप्तानों में शामिल कपिल देव हैं. कपिल देव ने श्रीलंका के खिलाफ 14 टेस्ट मैचों में 45 विकेट अपने नाम किए हैं. कपिल देव का श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी औसत 26.55 का रहा है. श्रीलंका के खिलाफ कपिल देव का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 110 रन देकर 5 विकेट है.