scorecardresearch

शॉर्ट पिच बॉल... क्या इंग्लैंड के गेंदबाज ने पकड़ ली सूर्यवंशी की कमजोरी? रिकॉर्ड्स कुछ और ही कहता है, विदेशी धरती पर वैभव ने दिखाया है दम

अब तक इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी फ्लॉप रहे हैं. शॉर्ट गेंदों पर आउट होने की उनकी कमजोरी भी सामने आई है. हालांकि ऐसा नहीं है कि सूर्यवंशी ने विदेशी धरती पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है. इंडिया ए की टीम में उन्होंने श्रीलंका में 94 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. उससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे में सूर्यवंशी ने फाइनल में 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी.

Vaibhav Sooryavanshi Vaibhav Sooryavanshi

जिस 15 साल के वंडरकिड वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर हंगामा मचा था, अब 3 मैचों में फ्लॉप होने के बाद उनकी कमजोरी को लेकर चर्चा होने लगी है. सवाल उठ रहा है कि क्या शॉर्ट बॉल सूर्यवंशी की कमजोर नस है. जिसे इंग्लैंड के गेंदबाज जोफ्रा आर्चर इस सीरीज में लगातार दबा रहे हैं और सूर्यवंशी उनकी गेंदों के सामने बेबस नजर आ रहे हैं. 3 मैचों में आर्चर ने शॉर्ट बॉल पर वैभव सूर्यवंशी को आउट किया है.

शॉर्ट बॉल के आगे बेबस सूर्यवंशी?
इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को अब तक 3 मैच खेलने का मौका मिला है. इसमें से 2 मैचों में सूर्यवंशी ने लगभग एक ही तरह की शॉर्ट गेंद पर अपना विकेट गंवाया है. सूर्यवंशी तेज और दोहरी उछाल वाली गेंद को सही से पिक नहीं कर पा रहे हैं. इसलिए शॉर्ट गेंद को उनकी कमजोरी माना जा रहा है. 

सूर्यवंशी ने 3 टी20 मुकाबलों में 13, 14 और 15 रन बनाए हैं. वैभव आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के नेट्स पर जिस गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद बड़े शॉट्स खेल रहे थे, अब इंग्लैंड में उनकी गेंदों को खेलना सूर्यवंशी के लिए मुश्किल हो रहा है. 3 में से 2 मैचों में आर्चर ने सूर्यवंशी को आउट किया है. हालांकि ऐसा नहीं है कि सूर्यवंशी ने आर्चर की गेंदों पर बडे़ शॉट्स नहीं खेले हैं. सूर्यवंशी ने आर्चर की गेंदों पर छक्के भी लगाए हैं. लेकिन वो लंबी पारी नहीं खेल पाए और शॉर्ट गेंदों पर आउट हुए हैं.

विदेशों में सूर्यवंशी का रहा है शानदार प्रदर्शन-
भले इंग्लैंड ही सूर्यवंशी की फ्लॉप बल्लेबाजी की चर्चा हो रही है. लेकिन ऐसा नहीं है कि विदेशी पिचों पर सूर्यवंशी ने अच्छा स्कोर खड़ा नहीं किया है. इसी साल वैभव सूर्यवंशी इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका गए थे. उस दौरान उन्होंने 3 मैचों में 21 रन, 38 रन और 94 रनों की पारी खेली थी. 94 रनों की पारी उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में खेली थी.

वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 में इंटरनेशनल लेवल पर मुकाबले खेले हैं. इसी साल जनवरी में अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुआ था. उस दौरान टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था. सूर्यवंशी ने फाइनल में 80 गेंदों में 175 रनों की पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने 15 छक्के लगाए थे. सूर्यवंशी ने उस टूर्नामेंट में 30 छक्के लगाए थे. सूर्यवंशी ने इस टूर्नामेंट में 7 मैचों में 169.49 के स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाए थे.

अच्छी शुरुआत, बड़ी पारी से चूके-
वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज से तीनों मुकाबलों में अच्छी शुरुआत की. अपने तेवर के मुताबिक छक्के भी लगाए. लेकिन इस अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए. इस दौरान जोफ्रा आर्चर ने शॉर्ट गेंदों पर 2 बार आउट किया. इसके बाद शॉर्ट गेंदों को लेकर सूर्यवंशी की कमजोरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

ये भी पढ़ें: