RCB vs LSG
RCB vs LSG
RCB vs LSG: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का शानदार प्रदर्शन जारी है. आरसीबी ने लखनऊ को हराकर सीजन में लगातार अच्छी फॉर्म को बरकरार रखा. गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी और विराट कोहली की सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर टीम ने यह मुकाबला आसानी से जीत लिया और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया.
लखनऊ की शुरुआत रही कमजोर, पंत हुए चोटिल
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने लखनऊ को शुरुआत से ही दबाव में रखा. एडन मार्करम जल्दी आउट हो गए और टीम को मजबूत शुरुआत नहीं मिल सकी. पारी के पांचवें ओवर में ऋषभ पंत को जोश हेजलवुड की लगातार गेंदें लगीं, जिसमें एक गेंद उनकी कोहनी पर लगी. इसके बाद पंत को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा.
मिचेल मार्श ने 32 गेंदों में 40 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, जबकि मुकुल चौधरी ने 28 गेंदों में 39 रन बनाए. बाद में पंत दोबारा बल्लेबाजी करने आए, लेकिन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए.
रासिख और भुवनेश्वर ने ढाया कहर
आरसीबी के गेंदबाजों ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया. रासिख ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और लखनऊ की बल्लेबाजी को पूरी तरह तोड़ दिया. वहीं भुवनेश्वर कुमार ने भी तीन विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत लखनऊ की पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 146 रन पर सिमट गई.
कोहली की समझदारी भरी पारी से आसान जीत
147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिल साल्ट जल्दी आउट हो गए. इसके बाद विराट कोहली ने जिम्मेदारी संभाली और बेहद संयमित बल्लेबाजी की. उन्होंने 34 गेंदों में 49 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था. कोहली के अलावा कप्तान रजत पाटीदार ने तेज 27 रन बनाए, जबकि जितेश शर्मा ने 9 गेंदों में 23 रन की विस्फोटक पारी खेली. इन पारियों की मदद से आरसीबी ने सिर्फ 15.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: