Vaibhav Sooryavanshi
Vaibhav Sooryavanshi
महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट का नया चेहरा बन चुके वैभव सूर्यवंशी को अब हर कोई टीम इंडिया की जर्सी में खेलते हुए देखना चाहता है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के मैचों को लेकर समस्तीपुर समेत पूरे बिहार में जबरदस्त उत्साह है. अपने जिले के इस होनहार खिलाड़ी से लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं. क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि वैभव ने अब तक सिर्फ अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई है, असली कमाल अभी बाकी है. सोशल मीडिया से लेकर गांव-गांव तक हर जगह सिर्फ वैभव सूर्यवंशी की चर्चा हो रही है.
समस्तीपुर में मैच का बेसब्री से इंतजार
समस्तीपुर के ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर गांव के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम में शामिल किए जाने के बाद जिले में खुशी का माहौल है. लोग बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं जब वैभव पहली बार टीम इंडिया की जर्सी पहनकर मैदान में उतरेंगे. क्रिकेट प्रेमी मानते हैं कि उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी लोगों की उत्सुकता बढ़ी है. चर्चा यह भी है कि आयरलैंड में होने वाले मुकाबले के टिकट खरीदने वालों में बड़ी संख्या उन लोगों की है जो वैभव को खेलते देखना चाहते हैं.
10 साल की मेहनत का मिला फल
महज 15 साल की उम्र में इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे वैभव की करीब 10 साल की कड़ी मेहनत है. लगातार अभ्यास और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है. यही वजह है कि आज हर कोई उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है.
लोग बोले- अभी तो ट्रेलर है, फिल्म बाकी है
समस्तीपुर के निवासी नीलेश कुमार का कहना है कि यह बिहार और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. उन्हें उम्मीद है कि वैभव आयरलैंड में शानदार पारी खेलकर भारत का नाम रोशन करेंगे. वहीं कई प्रशंसकों का कहना है कि इतनी कम उम्र में वैभव ने जो प्रदर्शन किया है, उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए. लोगों का मानना है कि अभी तो वैभव ने सिर्फ ट्रेलर दिखाया है, असली फिल्म अभी बाकी है. पूरे जिले की दुआ है कि समस्तीपुर का यह लाल लगातार अच्छा प्रदर्शन करे और भारत का नाम दुनिया भर में रोशन करें.
ये भी पढ़ें: