Ceiling Fan and Table Fan
Ceiling Fan and Table Fan
प्रंचड गर्मी जारी है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मई और जून में तेज धूप के चलते और गर्मी बढ़ेगी. सूर्य देव और आसमान से आग बरसाएंगे. घर हो या ऑफिस गर्मी से राहत पाने के लिए लोग सीलिंग फैन या टेबल फैन को चलाते हैं. यदि आप लगातार 24 घंटे पंखा को चलाते हैं तो ऐसा मत कीजिए. लगातार घंटों तक पंखा चलाने से मोटर ओवरहीट हो जाती है. इससे पंखे के आंतरिक पुर्जे खराब हो सकते हैं. पंखा जल भी सकता है. लंबे समय तक पंखा को चलाने के बाद इसे कुछ देर के लिए बंद भी कर दें.
लगातार पंखा चलने से मोटर पर पड़ता है भारी दबाव
कई लोग गर्मी होने पर अपने घरों में पंखा तो चला देते हैं लेकिन उन्हें बंद नहीं करते हैं. सीलिंग फैन या टेबल फैन जब एक पंखा लगातार 10 से 15 घंटों तक चलता है तो घर्षण की वजह से पंखे की मोटर काफी गर्म होने लगती है. यदि मोटर को बीच-बीच में आराम न मिले तो इसकी वाइंडिंग जल सकती है. ऐसे में आप चाहते हैं कि आपका पंखा अधिक दिनों तक चलता रहे तो खाली कमरे में पंखा चालू करके कभी भी न छोड़ें. यदि संभव हो तो पंखे को लंबे समय तक चलाने के बाद इसे कुछ देर के लिए बंद कर दें.
सस्ते और नकली कंडेनसर का इस्तेमाल न करें
सीलिंग फैन की स्पीड कम होने पर कई लोग बाजार से नकली और सस्ता कंडेनसर खरीद लेते हैं. ये लोकल पार्ट्स जल्दी गर्म हो जाते हैं. खराब क्वालिटी का कंडेनसर पंखे की लाइफ तो कम करता ही है, यह शॉर्ट सर्किट का कारण भी बन सकता है. ऐसे में हमेसा ISI मार्क वाले या भरोसेमंद ब्रांड के कंडेनसर को ही खरीदें. पंखा में कोई भी सामान लोकल नहीं लगाएं.
समय-समय पर करते रहें पंखे की सफाई
पंखे की समय-समय पर साफ-सफाई जरूर करते रहना चाहिए. आपको मालूम हो कि पंखे के ब्लेड और मोटर के ऊपर जमी धूल दिखने में खराब नहीं लगती यह पंखे की गति को भी प्रभावित करती है. धूल और गंदगी के चलते पंखे के मोटर पर अतिरिक्त भार पड़ता है. इससे वह ज्यादा बिजली खींचती है और जल्दी गर्म होती है. आपको मालूम हो यदि पंखे से अजीब आवाज आ रही है या वह सामान्य से ज्यादा गर्म महसूस हो रहा है तो यह खतरे का संकेत है. पुराना पंखा यदि बहुत अधिक आवाज कर रहा है तो उसे बदल देना चाहिए. छत पर लगे पंखे के हुक और वायरिंग की समय-समय पर जांच करते रहे ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके. एक साल में एक बार किसी इलेक्ट्रिशियन से पंखे की ऑयलिंग और ग्रीसिंग जरूर कराएं.
पंखा खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
आजकल रिमोट वाले और बीएलडीसी मोटर वाले पंखे बाजार में उपलब्ध हैं, जो कम गर्म होते हैं और बिजली भी बचाते हैं. ऐसे में यदि आप पंखा खरीदने जा रहे हैं तो नई तकनीक पर आधारित पंखा ही खरीदें. इन पंखों में उन्नत कूलिंग मैकेनिज्म का इस्तेमाल किया जाता है, जो मोटर के तापमान को नियंत्रित रखता है. मोटर के अंदर हीट को जमा होने नहीं देता, बल्कि उसे बाहर निकाल देता है, जिससे पंखा लंबे समय तक ठंडा बना रहता है. BLDC मोटर वाले पंखे कम बिजली में भी तेज और स्थिर हवा देते हैं, जिससे उपयोग ज्यादा आरामदायक बनता है. सही Ceiling Fan में ब्लेड डिजाइन भी अहम होता है, जो हवा को बराबर फैलाता है और वाइब्रेशन कम रखता है. कई मार्डन पंखों में रिमोट कंट्रोल और चलने का टाइमर सेट करने जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं, जिससे उपयोग आसान हो जाता है. कम शोर के कारण ये पंखे सोने, पढ़ने और काम करने के लिए बेहतर माहौल बनाते हैं. घर के लिए सिलिंग फैन चुनते समय आपको मोटर, हवा की क्षमता और बिल्ड क्वालिटी का ध्यान रखना जरूरी होता है.