scorecardresearch

2024 तक लॉन्च हो सकती है 6G Technology, जापान को पीछे छोड़ देगा भारत

इंटरनेट की दुनिया में भारतीय जल्द ही बड़ा बदलाव देखेगा. दरअसल, केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि भारत 6G तकनीक पर काम कर रहा है और इसे 2023 के आखिर तक या 2024 की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा. जानिए इसकी खासियत.

Representative Image Representative Image
हाइलाइट्स
  • अगले साल में लॉन्च होगा स्वदेशी 5G नेटवर्क

  • भारत में शुरू हुआ 6G का विकास

इंटरनेट की दुनिया में भारतीय जल्द ही बड़ा बदलाव देखेगा. दरअसल, केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि भारत 6G तकनीक पर काम कर रहा है और इसे 2023 के आखिर तक या 2024 की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा.

इसके अलावा, भारत खुद स्वदेशी 5G टेक्नोलॉजी भी लॉन्च करने वाला है. जिससे देश में 4G इंटरनेट से ज्यादा अच्छी सुविधाएं मिलेंगी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले साल तक इस तकनीक के लिए सॉफ्टवेयर बना लिया जायेगा. अगले साल दूसरी तिमाही तक 5G स्पेक्ट्रम की नीलामी हो सकती है. 

अश्विनी वैष्णव के मुताब‍िक इसके लिए TRAI से संपर्क किया गया है और उन्हें निर्देश दिए गए हैं. TRAI ने भी अपनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. 5G के बाद 6G अपने साथ और बेहतर इंटरनेट स्पीड और फीचर्स लेकर आएगा. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 6G का विकास शुरू कर दिया गया है. 

भारत में शुरू हुआ 6G का विकास: 

उन्होंने कहा, “6G का विकास पहले ही शुरू हो चुका है. यह 2023 के अंत में या 2024 की शुरुआत में आ जायेगा. हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.” साथ ही, उन्होंने कहा कि नेटवर्क को चलाने के लिए टेलीकॉम सॉफ्टवेयर, और अन्य सभी दूरसंचार उपकरण, सभी कुछ भारत में ही तैयार किए जाएंगे. जो बाद में ग्लोबल लेवल पर जा सकते हैं. 

उन्होंने बताया कि इंजीनियर्स और वैज्ञानिकों को इस तकनीक पर काम करने के लिए अनुमति दे दी गई है. हालांकि, भारत में फिलहाल 5G नेटवर्क को लॉन्च करने की तैयारियां चल रही हैं लेकिन दक्षिण कोरिया, चीन और अमेरिकी बाजार में 5G 2019 में ही कमर्शियल रूप से लॉन्च कर दिया गया है. 

और अब कई बड़ी कंपनियां 6G नेटवर्क पर काम कर रही हैं. इनमें सैमसंग, एलजी, हुआवेई जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं. 

2030 तक जापान लॉन्च करेगा 6G: 

अनुमान लगाया जा रहा है कि 2028-2030 तक ग्लोबल लेवल पर 6G नेटवर्क को भी लॉन्च किया जा सकता है. इसलिए भारत ने भी 6G नेटवर्क की तैयारी शुरू कर दी है. यह 5G से 15 गुना हाई स्पीड इंटरनेट नेटवर्क है. इससे डेटा डाउनलोड स्पीड 1000 जीबीपीएस पहुंच सकती है. 

बताया जा रहा है कि जापान में 6G नेटवर्क 2030 तक लॉन्च होने की उम्मीद है. जापान के अलावा, दक्षिण कोरिया, चीन और फिनलैंड भी 6G नेटवर्क की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में अगर भारत 2024 की शुरुआत तक 6G नेटवर्क लांच करता है तो हम कई देशों को पीछे छोड़ सकते हैं.