Bharat Gaurav Special Train
Bharat Gaurav Special Train
नए साल में बिहार के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. आईआरसीटीसी (IRCTC) ने श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने के लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है. IRCTC 18 जनवरी 2025 को 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर कोच के साथ बेतिया से भारत गौरव स्पेशल ट्रेन चलाएगा, जो दो धाम समेत कई ज्योतिर्लिंग और प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों का दर्शन कराएगी.
बेतिया से दक्षिण भारत तक की तीर्थ यात्रा
यह ट्रेन बेतिया से रवाना होकर रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, पटना, बख्तियारपुर, किउल, जसीडीह, आसनसोल, बांकुड़ा, मेदनीपुर, हिजली और बालेश्वर स्टेशन पर रुकते हुए दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों तक जाएगी. इस दौरान श्रद्धालु तिरुपति में बालाजी एवं पद्मावती मंदिर, रामेश्वरम में रामनाथस्वामी ज्योतिर्लिंग, मदुरै में मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी में कन्याकुमारी मंदिर, तिरुवनंतपुरम में पद्मनाभस्वामी मंदिर, मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग और पुरी सहित कई धार्मिक स्थलों का दर्शन करेंगे. पूरी यात्रा 14 रात और 15 दिनों की होगी.
सब्सिडी पैकेज में करें तीर्थ स्थलों के दर्शन
आईआरसीटीसी के जीजीएम पूर्वी क्षेत्र राजेश कुमार ने बताया कि IRCTC का उद्देश्य सब्सिडी पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को देश के धार्मिक स्थलों का दर्शन कराना है. एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के अंतर्गत भारत गौरव स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. 18 जनवरी को यह ट्रेन समस्तीपुर रेल मंडल के बेतिया स्टेशन से रवाना होगी और कई महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों का दर्शन कराएगी.
चंपारण, मिथिलांचल, साउथ बिहार और बंगाल के श्रद्धालुओं की विशेष मांग पर इस ट्रेन को चलाया जा रहा है. राजधानी एक्सप्रेस की तर्ज पर यह ट्रेन तीर्थ स्थलों तक यात्रियों को पहुंचाएगी और यात्रा पूरी कर 23 जनवरी तक बेतिया वापस लौट आएगी.
ट्रेन में मिलेंगी ये सुविधाएं
भारत गौरव स्पेशल ट्रेन में यात्रियों के लिए स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी की सुविधा होगी. ट्रेन में एक छोटा मंदिर भी बनाया गया है, जहां भजन-कीर्तन के जरिए भक्तिमय माहौल रहेगा. इसके अलावा शुद्ध शाकाहारी भोजन, पानी की बोतल, स्थानीय भ्रमण के लिए बस, ठहरने के लिए होटल, प्रत्येक कोच में सुरक्षा गार्ड और टूर एस्कॉर्ट की व्यवस्था की गई है. आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम भी साथ रहेगी.
तेजी से बुक हो रही टिकट
आईआरसीटीसी के अनुसार कम खर्च में बिहार, बंगाल और झारखंड के श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा कराने की पूरी व्यवस्था की गई है. यही कारण है कि इस ट्रेन की बुकिंग तेजी से हो रही है और अब तक करीब 400 श्रद्धालु टिकट बुक करा चुके हैं.
क्रेडिट कार्ड से भी ले सकते हैं टूर पैकेज
आईआरसीटीसी के संजीव कुमार ने बताया कि भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत टिकट पर लगभग 33 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. इसके साथ ही श्रद्धालु क्रेडिट कार्ड के जरिए आसान किस्तों में भुगतान कर यात्रा कर सकते हैं. इसका उद्देश्य यह है कि एक परिवार के चार-पांच लोग एक साथ यात्रा कर सकें, क्योंकि कुल खर्च एक लाख रुपये के आसपास पहुंच जाता है.
इस बार भारत गौरव स्पेशल ट्रेन में एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. कुल 650 सीटें स्लीपर और 3 एसी में होंगी, साथ ही 2 एसी कोच भी जोड़े गए हैं. श्रद्धालुओं को धर्मशाला के बजाय होटल में ठहराया जाएगा. स्लीपर क्लास यात्रियों को नॉन एसी और एसी यात्रियों को एसी रूम उपलब्ध कराए जाएंगे.
इतना होगा किराया
किराया 33% सब्सिडी के तहत स्लीपर क्लास के लिए 27,535, 3 एसी के लिए 37,500 और 2 एसी के लिए 51,405 रखा गया है. इसके अलावा ग्रुप बुकिंग पर प्रति व्यक्ति 750 की अतिरिक्त छूट दी जाएगी. अधिक जानकारी के लिए IRCTC ने हेल्पलाइन नंबर 8595937731/32 जारी किया है. टिकट बुकिंग www.irctctourism.com पर की जा सकती है.