Noida International Airport
Noida International Airport
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. एयरलाइंस कंपनियों ने टिकट की कीमतों में कटौती शुरू कर दी है, जिससे अब कई शहरों के लिए हवाई सफर पहले के मुकाबले सस्ता हो गया है.
नोएडा एयरपोर्ट से इंडिगो-अकाशा का सफर सस्ता-
इंडिगो और अकाशा एयर दोनों ने अलग-अलग रूट्स पर किराये कम किए हैं. इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में फायदा मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि किराया कम होने के बाद अब जेवर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद भी जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार अकासा एयर ने बेंगलुरु रूट पर सबसे ज्यादा करीब 2 हजार रुपये तक की कमी की है. वहीं नवी मुंबई के किराये में भी अच्छी-खासी कटौती की गई है. दूसरी तरफ इंडिगो ने लखनऊ जाने वाले यात्रियों को राहत देते हुए टिकट सस्ते किए हैं. हालांकि बेंगलुरु रूट पर इंडिगो का किराया पहले से ज्यादा हो गया है.
15 जून से शुरू हो रही सेवाएं-
गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से यात्री सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इंडिगो पहले दिन से ही चार शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी, जबकि अकासा एयर 16 जून से अपनी सेवाएं शुरू करेगी. अकासा ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है.
महंगे टिकट पर उठे थे सवाल-
शुरुआत में दोनों एयरलाइंस के टिकट दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले महंगे होने पर सवाल उठ रहे थे. लोगों का कहना था कि जब दिल्ली से कम किराये में उड़ान मिल रही है तो यात्री जेवर एयरपोर्ट क्यों चुनेंगे. इसको लेकर जेवर विधायक ने भी पीएम मोदी और सीएम योगी को पत्र लिखा था. अब किराये में कटौती के बाद एयरलाइंस को उम्मीद है कि यात्रियों का रुझान बढ़ेगा और बुकिंग में तेजी आएगी.
(अरुण त्यागी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: