scorecardresearch

भूखी थी इसलिए फटाफट खाने लगी गर्मा-गर्म हॉटपॉट, गले में हो गया 8 सेंटीमीटर लंबा अल्सर...अब पानी पीने में भी हो रही परेशानी

ज्यादातर लोग हॉटपॉट, सूप या ताज़ा बना खाना देखते ही बिना देर किए उसे बहुत गर्म ही खाना पसंद करते हैं. उन्हें लगता है कि जितना ज्यादा गरम खाना होगा, उतना ही उसका स्वाद बेहतर होगा.

Eating Too Hot Food: AI Image Eating Too Hot Food: AI Image
हाइलाइट्स
  • जल्दी-जल्दी गर्म खाने से गले में हुआ अल्सर

  • बहुत गर्म खाना क्यों होता है खतरनाक?

ज्यादातर लोग हॉटपॉट, सूप या ताजा बना खाना बहुत गर्म ही खाना पसंद करते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि ऐसा खाना ज्यादा स्वादिष्ट होता है. लेकिन चीन में एक 42 साल की महिला को जल्दी-जल्दी बहुत गर्म हॉटपॉट खाना भारी पड़ गया. महिला को गर्म खाने की वजह से 8 सेंटीमीटर लंबा थ्रोट अल्सर हो गया.

बात करते करते खा लिया हॉटपॉट
चीन के हुनान प्रांत के चांग्शा शहर की रहने वाली वांग नाम की महिला मार्च महीने में दोस्तों के साथ हॉटपॉट खा रही थी. वह बहुत भूखी थी और बातचीत में इतनी मशगूल हो गई कि उसने बिना खाना ठंडा किए सीधे गर्म-गर्म खाना निगल लिया. उसी समय उसे सीने में जलन और दबाव महसूस हुआ, लेकिन उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया और ठंडा पानी पी लिया.

अगले दिन बढ़ी गंभीर समस्या
अगले ही दिन वांग को पानी तक पीने में तेज दर्द होने लगा. अस्पताल जांच में डॉक्टरों ने पाया कि उनके गले में लगभग 8 सेंटीमीटर लंबा अल्सर बन चुका है, जो कि काफी गंभीर स्थिति थी. डॉक्टरों ने बताया कि यह घाव भोजन नली के लगभग एक-तिहाई हिस्से को प्रभावित कर रहा था.

गर्म खाना शरीर के अंदरूनी हिस्सों को जला सकता है
लोगों की यह गलत धारणा है कि भोजन नली बहुत ज्यादा गर्मी सह सकती है, जबकि यह केवल 50 से 60 डिग्री सेल्सियस तक ही सुरक्षित है. हॉटपॉट का तापमान 80 से 90 डिग्री तक पहुंच सकता है, जो सीधे खाने पर अंदरूनी हिस्सों को जला सकता है. साथ ही, गर्म खाने के साथ ठंडा पानी पीना भी नुकसान को और बढ़ा सकता है, क्योंकि इससे नली की परत पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है.

क्या यह आदत खतरनाक हो सकती है?
अगर समय रहते इलाज किया जाए तो ऐसा अल्सर ठीक हो सकता है, लेकिन अगर यह बार-बार हो तो गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. चीन में भोजन नली से जुड़ी बीमारियों के अधिक मामले देखने को मिलते हैं, जिसका एक कारण बहुत ज्यादा गर्म भोजन की आदत भी मानी जाती है.