Advertisement

मनोरंजन

क्या है 'गोंधल' की कहानी, जिसे ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री चुना गया? जानें कहां देख सकते हैं फिल्म

अपूर्वा राय
  • नई दिल्ली ,
  • 18 सितंबर 2026,
  • Updated 10:32 PM IST
1/6

मराठी फिल्म 'गोंधल' को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री चुना गया है. संतोष दावखर के निर्देशन और लेखन में बनी यह फिल्म बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी. खास बात यह है कि फिल्म की पूरी कहानी महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाके में होने वाली एक पारंपरिक गोंधल रस्म के इर्द-गिर्द बुनी गई है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 33 फिल्मों में से 'गोंधल' का चयन किया है.

2/6

क्या होता है गोंधल, जिसके नाम पर बनी है फिल्म?
'गोंधल' महाराष्ट्र की पारंपरिक लोककला और धार्मिक रस्म है. आमतौर पर इसे शादी जैसे शुभ मौकों पर किया जाता है. इसमें रातभर लोक कलाकार देवी-देवताओं से जुड़ी कथाएं, गीत और नृत्य प्रस्तुत करते हैं. मान्यता है कि इस रस्म के जरिए नवविवाहित जोड़े के जीवन से बाधाएं दूर हों और उनका वैवाहिक जीवन सुखी रहे. फिल्म भी इसी रातभर चलने वाले आयोजन को अपना मुख्य बैकड्रॉप बनाती है.

3/6

क्या है फिल्म की कहानी
कहानी की शुरुआत भिवाबा (किशोर कदम) से होती है, जो नवविवाहित सुमन (इशिता देशमुख) और आनंदराव (योगेश सोहोनी) के लिए गोंधल की रस्म करवाने गांव पहुंचता है. पूरा गांव इस रात होने वाले आयोजन में शामिल होता है. बाहर से यह एक खुशहाल शादी और धार्मिक उत्सव नजर आता है, लेकिन इसी के बीच पुराने रिश्ते, अधूरी इच्छाएं और व्यक्तिगत दुश्मनी धीरे-धीरे सामने आने लगती हैं.

सुमन की शादी से गांव के पाटिल का बेटा सरजेराव (निषाद भोईर) खुश नहीं है. दरअसल, पहले उसकी शादी सुमन से होने वाली थी, लेकिन उसके पिता ने दहेज में बड़ी रकम की मांग की. यह रिश्ता नहीं हो सका और सुमन की शादी आनंदराव से हो गई.

4/6

इस रस्म के बीच सुमन की जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आता है, जो सबकुछ बदल देता है. सुमन को गोंधळी कलाकार साहेबा से प्यार हो जाता है और वह अपनी शादीशुदा जिंदगी से बाहर निकलने का रास्ता तलाशने लगती है. अपने हालात से छुटकारा पाने की उसकी कोशिश उसे आनंद के जुनूनी चचेरे भाई सरजेराव के करीब ले आती है.

सुमन की योजना धीरे-धीरे एक खतरनाक साजिश में बदलने लगती है, जो शुरुआत अपनी जिंदगी बदलने और शादी से निकलने की कोशिश के तौर पर होती है, वही आगे चलकर हत्या, धोखे, चाहत और जिंदगी बचाने की जद्दोजहद की कहानी बन जाती है.
 

5/6

फिल्म को पहले भी मिल चुकी है पहचान
'गोंधल' संतोष दावखर की पहली फीचर फिल्म है और इसे 2025 में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में दिखाया गया था. फिल्म को अलग-अलग फिल्म फेस्टिवल्स में भी पहचान मिली. IFFI 2025 में दावखर को सिल्वर पीकॉक अवॉर्ड मिला था. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अमलेंदु चौधरी ने की है, जबकि संगीत दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने दिया है.

6/6

कहां देख सकते हैं 'गोंधल'?
'गोंधल' 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इसकी रिलीज AA Films के जरिए हुई थी. इसलिए अगर आप फिल्म देखना चाहते हैं तो OTT पर आने का इंतजार करना होगा.

Advertisement

लेटेस्ट फोटो

Advertisement