Taj Mahal
Taj Mahal
दुनिया के अजूबों में शामिल ताजमहल से जुड़ा साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां फर्जी वेबसाइट बनाकर पर्यटकों को ऑनलाइन टिकट बेचे जा रहे हैं. हाल ही में विदेशी पर्यटकों के साथ हुई धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब वे स्मारक पर पहुंचे और उनके टिकट जांच में फर्जी पाए गए.
ठगा गया विदेशी पर्यटक-
एक विदेशी पर्यटक ने 35 डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 3,200 रुपये से अधिक) में टिकट खरीदी, जबकि ताजमहल के मुख्य मकबरे सहित अधिकृत टिकट की कीमत 1300 रुपये है. Archaeological Survey of India (ASI) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी वेबसाइट के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ASI ने स्पष्ट किया है कि ताजमहल समेत अन्य स्मारकों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए केवल अधिकृत वेबसाइट asipayumoney.com (केनरा बैंक) और asi.payugov.in (NSDL) ही मान्य हैं.
फर्जी वेबसाइट से टिकट की बुकिंग-
ताजमहल के पश्चिमी गेट पर तैनात कर्मचारी बबलू कुमार पासवान ने 3 विदेशी पर्यटकों के पास संदिग्ध टिकट देखे. जांच में सामने आया कि ये टिकट https://ticketstajmahal.com नाम की फर्जी वेबसाइट से बुक किए गए थे. तीनों पर्यटकों ने कुल 105 डॉलर का भुगतान किया था.
फर्जी वेबसाइट पर एक्शन-
इस मामले में ताजमहल की वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिन्द ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है. वहीं, अधीक्षक पुरातत्व डॉ. स्मिता एस. कुमार ने बताया कि संबंधित फर्जी वेबसाइट के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि यह वेबसाइट पहले भी फर्जी टिकट बुकिंग में शामिल रही है.
पहले भी सामने आया था मामला-
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी 2023 में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसके बाद ASI के दिल्ली मुख्यालय ने 15 फरवरी 2023 को साइबर पुलिस स्टेशन, नई दिल्ली में FIR दर्ज कराई थी. इसके बाद आगरा सर्किल ने 21 मार्च 2023 को भी इस तरह की ठगी करने वाली वेबसाइटों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था.
ASI महानिदेशक की ओर से पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें फर्जी वेबसाइटों से टिकट बुक न करने की सलाह दी गई है. पर्यटकों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट या आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से ही टिकट बुक करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके.
(नितिन उपाध्याय की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: