scorecardresearch

Gujarat Crime: पुलिस की वर्दी, फर्जी ID और हनीट्रैप का खेल, अमरेली में पकड़ा गया शातिर 'नकली पुलिसवाला', ऐसे करता था वसूली

गुजरात के अमरेली में चुनाव गश्त के दौरान पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है जो 'फर्जी पुलिस अधिकारी' बनकर लोगों को लूटता था.

Fake Police Fake Police

गुजरात के अमरेली जिले में स्थानीय निकाय चुनावों के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. खांभा पुलिस ने गश्त के दौरान एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से फरार चल रहा था. यह कार्रवाई उस समय हुई, जब पुलिस डेडाण इलाके में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी.

जांच के दौरान पुलिस को एक कार संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई. तलाशी में कार से शराब की 6 बोतलें बरामद हुईं. इसी दौरान पुलिस को शक हुआ और गहराई से जांच करने पर कार के स्टीयरिंग व्हील के पास बने एक गुप्त डिब्बे से गुजरात पुलिस का फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुआ.

फर्जी पहचान पत्र से फैलाता था दहशत
बरामद पहचान पत्र में आरोपी चिराग जादव खाकी वर्दी में नजर आ रहा था. पुलिस के मुताबिक, वह इस फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल लोगों में डर पैदा करने और उनसे पैसे वसूलने के लिए करता था. यह खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले को और गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी.

हनीट्रैप मामले का मुख्य आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 32 वर्षीय चिराग जादव अहमदाबाद के नरोडा इलाके में हुए हनीट्रैप मामले का मुख्य आरोपी था. उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से करीब 3 लाख रुपये की उगाही की थी.

कई आपराधिक मामलों में रहा शामिल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सूरत और अहमदाबाद में मारपीट और लूटपाट समेत 6 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. उसके गिरोह में दो महिलाएं भी शामिल थीं, जो लोगों को मैसेज भेजकर सुनसान जगह पर बुलाती थीं. इसके बाद चिराग खुद नकली पुलिस अधिकारी बनकर वहां पहुंचता था और लोगों को छोड़ने के नाम पर उनसे पैसे वसूलता था.

पुलिस ने किया खुलासा
इस मामले में धारी के एएसपी जयवीर गढ़वी ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव गश्ती के दौरान खांभा पुलिस को एक संदिग्ध कार मिली थी. तलाशी में शराब की बोतलें और फर्जी पहचान पत्र बरामद हुआ. आरोपी पहले से ही अहमदाबाद के हनीट्रैप और अन्य मामलों में वांछित था.

आरोपी रिमांड पर, जांच जारी
खांभा पुलिस ने आरोपी चिराग जादव को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 2 लाख रुपये भी जब्त किए हैं. अदालत ने आरोपी को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस अब इस पूरे रैकेट के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे एक संगठित ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है. 

(रिपोर्ट- ब्रजेश दोशी)