Kanpur Crime News
Kanpur Crime News
प्रेमिका का फोन आया तो पेट्रोल पंप पर काम करने वाला 28 साल का अतुल उससे मिलने पहुंच गया. उसे अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात साबित होगी. प्रेमिका शादीशुदा थी और उसके घरवालों ने दोनों को साथ पकड़ लिया. इसके बाद घर की महिलाओं और प्रेमिका के पति ने अतुल को डंडों से बेरहमी से पीटा. आरोप है कि उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल अतुल ने जब अपनी मां को देखा तो उनके पैरों में गिरकर घर ले चलने की गुहार लगाने लगा. मां उसे अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामला कानपुर के साढ़ इलाके का है.
प्रेमिका ने फोन करके घर बुलाया था
अतुल (28) गंभीरपुर गांव का रहने वाला था. उसके पिता का नाम विजय प्रकाश तिवारी है. अतुल पेट्रोल पंप पर काम करने के साथ ऑटो भी चलाता था. शनिवार रात वह गांव में रहने वाली अपनी शादीशुदा प्रेमिका सुमन से मिलने उसके घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि सुमन ने ही फोन करके उसे बुलाया था.
इसी दौरान प्रेमिका के घरवालों ने दोनों को पकड़ लिया. आरोप है कि सुमन के पति विकास अवस्थी और परिवार की महिलाओं ने अतुल को डंडों से पीटना शुरू कर दिया. मारपीट इतनी ज्यादा हुई कि उसकी हालत बिगड़ गई. इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया.
मां के पैरों में गिरकर बोला- मुझे घर ले चलो
अतुल की हालत बिगड़ने के बाद प्रेमिका का ससुर कल्लू अवस्थी खुद उसके घर पहुंचा. वह अतुल की मां शीला को अपने साथ लेकर आया. मां जब अपने देवर के साथ प्रेमिका के घर पहुंची तो अतुल की हालत देखकर घबरा गई. अतुल मां के पैरों में गिर पड़ा और उनसे घर ले चलने की गुहार लगाने लगा. वह बुरी तरह घायल था. मां उसे तुरंत नौबस्ता स्थित अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
शव रखकर लगाया जाम, घर पर बुलडोजर चलाने की मांग
रविवार को अतुल के परिवार और गांव के लोगों ने शव के साथ सड़क पर जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विकास अवस्थी ने अपने परिवार के साथ मिलकर अतुल की हत्या की है. उन्होंने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की. जाम की सूचना पर एसीपी कृष्ण कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने कई घंटे तक लोगों को समझाया. इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और रास्ता खुल सका.
पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की FIR
अतुल के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने प्रेमिका सुमन, उसके पति विकास अवस्थी, ससुर कल्लू अवस्थी, देवर और सास के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है. पुलिस ने सुमन और उसकी सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बाकी आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
2016 में रेप और हत्या का भी आरोप
परिवार और ग्रामीणों ने विकास अवस्थी को लेकर एक पुराना मामला भी उठाया. उनका आरोप है कि 2016 में विकास ने गांव आई एक लड़की के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी. इस मामले में वह जेल गया था और बाद में जमानत पर बाहर आया था. पुलिस अब इस पुराने मामले से जुड़े रिकॉर्ड और मौजूदा घटनाक्रम की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: