scorecardresearch

फ्लाइट से आया प्रेमी बना कातिल, पत्नी के साथ पति गया डॉक्टर के पास... लेकिन नहीं लौटा दोबारा

महिला अपने पति को डॉक्टर के पास लेकर गई. रास्ते में उसे उसका प्रेमी मिला. हैरानी की बात है कि पति प्रेमी को जानता था और वह उसी की गाड़ी में गया. लेकिन रास्ते में उसकी हत्या कर दी गई.

Advertisement
आरोपियों को ले जाती पुलिस आरोपियों को ले जाती पुलिस

नवगछिया में लापता युवक उमेश शर्मा की तलाश के दौरान सामने आई कहानी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. जिस पत्नी के साथ वह डॉक्टर के पास जाने की बात कहकर घर से निकला था, उसी पर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस ने दावा किया है कि पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को कोसी नदी में फेंक दिया. मामले में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी पंकज शर्मा सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

क्या कहना है पुलिस का? 

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को उमेश शर्मा के पिता खरीक थाना क्षेत्र रहने वाले कमलेश्वरी मिस्त्री ने नवगछिया थाना में पुत्र के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि उमेश अपनी पत्नी अनिता देवी के साथ डॉक्टर को दिखाने नवगछिया बाजार गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा. इस पर नवगछिया थाना कांड संख्या 316/26 दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई.

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन, वैज्ञानिक साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई. जांच के क्रम में मृतक की पत्नी अनिता देवी, मो. सोहेल और मो. इरफान को गिरफ्तार किया गया. 

सालों से चल रहा था का अफेयर

पुलिस के अनुसार, अनिता देवी का पंकज शर्मा के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था. पति उमेश शर्मा इस रिश्ते का लगातार विरोध करता था. इसी कारण उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई.

रोड़ा हटाने फ्लाइट से आया प्रेमी

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को पंकज शर्मा हैदराबाद से फ्लाइट से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचा. वहां पहले से मौजूद मो. सोहेल और मो. इरफान उसके साथ स्कॉर्पियो से नवगछिया पहुंचे. रेलवे स्टेशन पर अनिता देवी अपने पति और बेटे के साथ पहले से मौजूद थी. पंकज ने किसी काम का बहाना बनाकर उमेश को अपनी गाड़ी में बैठाया और कुर्सेला की ओर निकल गया. रास्ते में स्कॉर्पियो के भीतर ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई.

सबूत मिटाने के लिए शव को फेका नदी में

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कटिहार के बरारी के पास कोसी नदी में फेंक दिया. पुलिस ने कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र स्थित मलकाइन घाट से शव बरामद कर लिया है.

सभी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी पंकज शर्मा सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच अभी जारी है और आगे कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है.

- सुजीत कुमार की रिपोर्ट