मनोरंजन

Prime Video की सीरीज From को लेकर इतना बज क्यों? रहस्यमयी शहर की कहानी में ऐसा क्या जिसने दर्शकों को बनाया दीवाना

अपूर्वा राय
  • नई दिल्ली,
  • 03 जून 2026,
  • Updated 10:18 AM IST
1/6

ओटीटी की दुनिया में हर साल कई मिस्ट्री और थ्रिलर सीरीज आती हैं, लेकिन कुछ ही ऐसी होती हैं जो दर्शकों को लगातार अपने रहस्यों में उलझाए रखती हैं. Prime Video पर उपलब्ध हॉरर-मिस्ट्री सीरीज 'From' ऐसी ही एक सीरीज है. चार साल पहले शुरू हुई इस सीरीज ने अपने अनोखे कॉन्सेप्ट, डरावने माहौल और लगातार बढ़ते रहस्यों की वजह से दुनियाभर में बड़ी फैन फॉलोइंग बना ली है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इसके हर नए एपिसोड को लेकर चर्चा छिड़ जाती है.
 

2/6

आखिर क्या है From की कहानी?
कहानी एक ऐसे रहस्यमयी शहर की है, जहां जो भी व्यक्ति गलती से पहुंच जाता है, वह वहां से बाहर नहीं निकल पाता. शहर की ओर जाने वाली सड़क लोगों को बार-बार उसी जगह वापस ले आती है. दिन में सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन रात होते ही खौफनाक जीव बाहर निकल आते हैं.

ये मुस्कुराते हुए दिखने वाले जीव इंसानों का शिकार करते हैं. उनसे बचने का एकमात्र तरीका घरों में बंद रहना और विशेष ताबीज (Talisman) का इस्तेमाल करना है. यही रहस्य दर्शकों को शुरुआत से बांधे रखता है कि आखिर यह शहर है क्या और यहां से बाहर निकलने का रास्ता कहां है.
 

3/6

Lost और Stephen King की कहानियों जैसा एहसास
कई दर्शक और समीक्षक From की तुलना मशहूर सीरीज Lost से करते हैं. दोनों में रहस्य, अजीब घटनाएं और फंसे हुए लोगों का संघर्ष देखने को मिलता है. वहीं हॉरर और अलौकिक तत्वों की वजह से इसमें लेखक स्टीफन किंग की कहानियों जैसी झलक भी दिखाई देती है. सीरीज में Harold Perrineau का किरदार Boyd दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय है. पूरी कहानी में वही लोगों को जिंदा रखने और शहर के रहस्यों को सुलझाने की कोशिश करता नजर आता है.
 

4/6

रहस्य पर रहस्य, जवाब अब भी अधूरे
From की सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ी कमजोरी दोनों इसकी मिस्ट्री है. हर सीजन कुछ नए सवाल लेकर आता है, लेकिन जवाब बहुत कम मिलते हैं. यही कारण है कि कई दर्शक इसे बेहद रोमांचक मानते हैं, जबकि कुछ लोग इसे जरूरत से ज्यादा खींची गई कहानी बताते हैं. सीरीज में पता चलता है कि शहर कई पीढ़ियों से मौजूद है. यहां के रहस्यों का संबंध बच्चों की बलि, अमरता और पुनर्जन्म जैसी घटनाओं से जुड़ा हुआ है. कहानी के केंद्र में Jade और Tabitha हैं, जिन्हें अपने पिछले जन्मों की यादें जोड़कर इस रहस्य को सुलझाना है.
 

5/6

टाइम ट्रैवल और नए ट्विस्ट ने बढ़ाया रोमांच
हालिया सीजन में कहानी में टाइम ट्रैवल का एंगल भी जोड़ा गया है. Tabitha की बेटी Julie को स्टोरीवॉकर बताया गया है, जो समय में यात्रा कर सकती है और घटनाओं को बदलने की क्षमता रखती है. इससे दर्शकों को उम्मीद बंधी है कि शायद यही इस रहस्यमयी शहर से बाहर निकलने का रास्ता साबित हो. हालांकि कहानी में अब भी कई ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब नहीं मिले हैं. यही वजह है कि फैंस लगातार नए एपिसोड का इंतजार करते रहते हैं.
 

6/6

आखिर क्यों देख रहे हैं लोग From?
From सिर्फ हॉरर सीरीज नहीं है. इसमें सर्वाइवल, रहस्य, मनोवैज्ञानिक डर और इमोशनल ड्रामा का मिश्रण है. हर एपिसोड के अंत में ऐसा ट्विस्ट आता है जो दर्शकों को अगला एपिसोड देखने के लिए मजबूर कर देता है. इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैन थ्योरीज, किरदारों की चर्चा और रहस्यों को सुलझाने की कोशिशें भी इसके बज को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रही हैं.

लेटेस्ट फोटो