आज वर्ल्ड आर्ट डे (World Art Day) है. यह दिन प्रसिद्ध इतालवी चित्रकार लियोनार्दो दा विंची के जन्मदिन के सम्मान में चुना गया है. यह दिवस कला और समाज के बीच के जुड़ाव को मजबूत करने और लोगों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है लेकिन कुछ पेंटिंग्स ऐसी भी हैं, जो सिर्फ देखने भर के लिए नहीं, बल्कि अपने अंदर छिपे रहस्यों के लिए जानी जाती हैं. सालों बीत गए, रिसर्च होती रही, लेकिन इनके पीछे छुपे राज आज भी पूरी तरह सामने नहीं आ पाए. आइए जानते हैं दुनिया की ऐसी ही 5 रहस्यमयी कलाकृतियों के बारे में जिनके जवाब आज भी अधूरे हैं.
मोनालिसा
दुनिया की सबसे चर्चित पेंटिंग्स में से एक मोनालिसा को Leonardo da Vinci ने बनाया था. इसकी रहस्यमयी मुस्कान आज भी लोगों को उलझन में डालती है. पेंटिग्स में महिला कभी मुस्कुराती हुई लगती है तो कभी गंभीर. इसके अलावा यह महिला कौन थी इसका पता भी नहीं चला.
Girl with Balloon
रहस्यमयी स्ट्रीट आर्टिस्ट Banksy की पेंटिंग Girl with Balloon में एक छोटी लड़की को लाल दिल के आकार वाले गुब्बारे की ओर हाथ बढ़ाते हुए दिखाया गया है. ये पेंटिंग तब सुर्खियों में आई जब नीलामी के दौरान यह खुद ही कटने लगी. इस घटना ने दुनिया को चौंका दिया. इस घटना के बाद पेंटिंग का नाम बदलकर Love is in the Bin रख दिया गया और इसकी कीमत पहले से भी ज्यादा बढ़ गई.
The Ambassadors
Hans Holbein the Younger की यह पेंटिंग 1533 में बनाई गई थी. इसमें दो राजदूतों के बीच एक अजीब सा टेढ़ा-मेढ़ा आकार दिखता है, जो सीधा देखने पर समझ नहीं आता लेकिन एक खास एंगल से देखने पर यह एक खोपड़ी बन जाता है.
The Scream
The Scream दुनिया की सबसे मशहूर और रहस्यमयी पेंटिंग्स में से एक है, जिसे नॉर्वे के कलाकार Edvard Munch ने 1893 में बनाया था. इस पेंटिंग में एक अजीब-सी आकृति दिखाई देती है, जो अपने कान पकड़कर जोर से चीख रही है.
The Night Watch
डच कलाकार Rembrandt की यह पेंटिंग 1642 में बनाई गई थी और इसमें सैनिकों का एक समूह दिखाया गया है लेकिन इसमें एक छोटी बच्ची की मौजूदगी आज भी रहस्य बनी हुई है. वह वहां क्यों है और उसका क्या मतलब है, इस पर कई अलग-अलग थ्योरी दी जाती हैं.