भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और बिहार के रोहतास जिले के बड्डी गांव के रहने वाले आकाशदीप जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. घर से लेकर गांव तक जश्न का माहौल है और परिवार के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है. आकाशदीप की शादी पूरी तरह पारंपरिक और पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार होगी. उनकी बारात वाराणसी के एक फाइव स्टार होटल पहुंचेगी, जहां विवाह समारोह का आयोजन किया गया है.
आकाशदीप की दुल्हन अक्षिता राज रोहतास जिले के डेहरी स्थित मानिकपुर की रहने वाली हैं. खास बात यह है कि अक्षिता का गांव भी आकाशदीप के गांव के बिल्कुल पास स्थित है. अक्षिता राज, अमित कुमार सिंह की बेटी हैं और एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं. दोनों की शादी परिवार और रिश्तेदारों की सहमति से तय हुई है, जो पूरी तरह अरेंज मैरिज है.
शादी की रस्मों की शुरुआत 21 जून को आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में होने वाले तिलक समारोह से होगी. इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म आयोजित की जाएगी. 24 जून को वाराणसी के एक फाइव स्टार होटल में शादी संपन्न होगी. इस समारोह में बिहार समेत देश के कई राजनीतिक चेहरे, क्रिकेटर और खास मेहमान शामिल हो सकते हैं.
शादी को लेकर आकाशदीप के घर में तैयारियां जोरों पर हैं. घर की सजावट, लाइटिंग और मेहमानों के स्वागत की व्यवस्था शुरू हो चुकी है. परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और गांव के लोग इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं. आकाशदीप की मां समेत पूरा परिवार इस खास मौके का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. वहीं आकाशदीप खुद शादी के निमंत्रण पत्र बांटने में व्यस्त हैं.
आकाशदीप का क्रिकेट सफर आसान नहीं रहा. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पर लगे प्रतिबंध के कारण उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए बंगाल जाना पड़ा. आसनसोल में रिश्तेदारों के यहां रहकर उन्होंने क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया और बाद में बंगाल की घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व किया. उनके पिता शारीरिक शिक्षक थे, जबकि मां लड्डूमा देवी गृहिणी हैं. यूनाइटेड क्लब से खेलने के दौरान बंगाल रणजी टीम के सहायक कोच सौराशीष लाहिड़ी की नजर उन पर पड़ी और यहीं से उनके क्रिकेट करियर ने नई उड़ान भरी. आज वही आकाशदीप भारतीय क्रिकेट टीम के अहम तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं.