ट्रैवल

जयपुर घूमने वालों के लिए खुशखबरी, मावठा लेक में फिर शुरू हुई बोटिंग, झील से दिखेगा आमेर फोर्ट का अद्भुत नजारा

रिदम जैन
  • जयपुर,
  • 10 मार्च 2026,
  • Updated 9:50 AM IST
1/6

गुलाबी नगरी जयपुर के आमेर किले के सामने स्थित ऐतिहासिक मावठा सरोवर में करीब 30 साल बाद फिर से बोटिंग सेवा शुरू हो गई है. सोमवार को विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ 'जयपुर बोटिंग' सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया. अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक झील के बीचों-बीच नाव की सैर करते हुए आमेर महल, केसर क्यारी और अरावली की पहाड़ियों के अद्भुत नजारों का आनंद ले सकेंगे. पानी के बीच से आमेर किले की भव्यता को देखना पर्यटकों के लिए एक अलग और यादगार अनुभव होगा.

2/6

पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ
बोटिंग सेवा की शुरुआत पूज्य संत सर्वनंदन दास स्वामी (कोठारी, अक्षरधाम) के सानिध्य में की गई. इस अवसर पर पूजा-अर्चना कर सेवा का शुभारंभ किया गया और पर्यटकों के लिए इसे औपचारिक रूप से खोल दिया गया. पर्यटन विभाग के अधिकारियों और अन्य गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में इस नई पहल की शुरुआत हुई, जिसे जयपुर पर्यटन के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
 

3/6

पर्यटकों के लिए कई तरह की बोटिंग
मावठा झील में पर्यटकों को अलग-अलग तरह की बोटिंग का अनुभव मिलेगा. यहां शिकारा बोट, पैडल बोट, स्पीड बोट और एक्वा साइकिल जैसे विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं. शिकारा बोट में बैठकर पर्यटक शांत वातावरण में सुकून भरी सैर कर सकेंगे, वहीं स्पीड बोट रोमांच पसंद करने वालों के लिए खास आकर्षण रहेगी. पैडल बोट और एक्वा साइकिल परिवार और युवाओं के बीच लोकप्रिय रहने की संभावना है.
 

4/6

30 सीटर लग्जरी बोट बनेगी खास आकर्षण
बोटिंग अनुभव को और खास बनाने के लिए 30 सीटर लग्जरी बोट भी तैयार की जा रही है, जो अहमदाबाद में बन रही है. इस बोट में डांस फ्लोर की सुविधा होगी और पर्यटकों के लिए कालबेलिया सहित राजस्थानी लोक नृत्य और संगीत की लाइव प्रस्तुति भी दी जाएगी. इसके अलावा उदयपुर से दो इलेक्ट्रिक 20 सीटर बोट, चंडीगढ़ से आठ शिकारा बोट और अहमदाबाद से दस साइकिल बोट भी मंगाई जा रही हैं. आने वाले समय में हेरिटेज लुक वाली नावें भी इसमें शामिल की जाएंगी.
 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झील में व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सभी नावों में लाइफ जैकेट अनिवार्य होगी और प्रशिक्षित नाविकों के साथ गोताखोर और सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे. इसके अलावा केरल से दो रेस्क्यू बोट भी मंगाई जा रही हैं, जिनमें प्रशिक्षित टीम हर समय निगरानी रखेगी.

5/6

सुबह 7 से शाम 7 बजे तक बोटिंग
पर्यटकों के लिए बोटिंग सेवा सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित की जाएगी. फिलहाल किराया तय किया जा रहा है, लेकिन प्रति सवारी लगभग 150 से 1500 रुपए तक होने की संभावना है. ट्रायल के दौरान झील के जलभराव, सुविधाओं और संभावित चुनौतियों का भी जायजा लिया जा रहा है.
 

6/6

पर्यटन को मिलेगा नया प्रोत्साहन
पर्यटन विभाग के निदेशक माधव शर्मा के अनुसार मावठा झील में बोटिंग सेवा का संचालन अनुबंध के तहत जसराज इंफ्रा को सौंपा गया है. आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि पिछले कई वर्षों से यहां बोटिंग की मांग उठ रही थी और अब यह सुविधा शुरू होने से आमेर आने वाले पर्यटकों को नया अनुभव मिलेगा.